पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं नशा उन्मूलन के प्रति किया जागरूक |

उत्तरकाशी | डामटा चौकी व कोतवाली मनेरी पुलिस की टीम द्वारा क्रमशः राजकीय इंटर कॉलेज, डामटा तथा राजकीय इण्टर कॉलेज मनेरी में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को महिला, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई । पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट एवं चैट रिक्वेस्ट स्वीकार न करने तथा डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग ई-मेल, फर्जी लिंक, संदिग्ध मैसेज, कॉल, लॉटरी और लुभावने ऑफर के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की हिदायत दी गई। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साथ ही, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई । कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए बताया गया कि नशे की लत युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य एवं जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर सकती है। युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए नशे से सदैव दूरी बनाए रखें तथा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से खेलकूद एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम, नशा उन्मूलन एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *