साइबर ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया की सावधानियों और ऑनलाइन गेमिंग को लेकर साइबर सेल चमोली ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक |

चमोली | साइबर सेल चमोली द्वारा पीएम अटल उत्कृष्ट गीता स्वामी जीआईसी इंटर कॉलेज, गोपेश्वर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल चमोली सतेंद्र बुटोला ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के खतरों से आगाह करते हुए डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने का संदेश दिया ।

*एक क्लिक और ठगी का शिकार! विद्यार्थियों को बताए साइबर सुरक्षा के गुर*

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर अपराधी अब ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। फर्जी लिंक, आकर्षक ऑनलाइन ऑफर, संदिग्ध कॉल-मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाया जा रहा है। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है । उन्होंने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, निजी फोटो एवं जानकारी साझा करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। साथ ही स्पष्ट किया कि अपना ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें ।

*ऑनलाइन गेमिंग के लालच से रहें सावधान *

ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के बढ़ते चलन को देखते हुए विद्यार्थियों को गेमिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्हें अनजान गेमिंग लिंक, फर्जी रिवॉर्ड, इनाम के लालच और पैसे मांगने वाले संदिग्ध ऐप्स से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग समझदारी से करें तथा किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों एवं संबंधित पुलिस को सूचना दें।

इस दौरान कार्यक्रम छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *