चम्पावत । उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ, टनकपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय चुनाव रविवार को सौहार्दपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के उपरांत नई क्षेत्रीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया । चुनाव अधिकारी के रूप में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा एवं प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव ने चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन कराया । बैठक में कर्मचारियों ने निगम के विशेष श्रेणी (संविदा) कर्मचारियों के नियमितीकरण, टनकपुर डिपो की विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों ने सरकार और निगम प्रबंधन से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही टनकपुर डिपो की लंबित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया । कार्यक्रम में संघ के प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में परिवहन कर्मचारी उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा निगम और कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करने का संकल्प लिया । वर्ष 2026-27 के लिए गठित क्षेत्रीय कार्यकारिणी में ललित जोशी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, वहीं नरेंद्र पाल को क्षेत्रीय अध्यक्ष, रमावती देवी, सतीश उप्रेती को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, गौरव गुप्ता को क्षेत्रीय मंत्री, कुनार राठौर को संगठन मंत्री, कुलदीप गुप्ता, रोहित कुमार को संयुक्त मंत्री, ज्ञान सिंह को कोषाध्यक्ष, परवेज आलम प्रचार मंत्री, कृष्णा अधिकारी को कार्यालय सचिव, कुशल प्रजापति को संप्रेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है । चुनाव अधिकारी प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा एवं प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए सक्रियता से कार्य करेगी । इस दौरान मुख्य अतिथि टनकपुर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि जगदीश जोशी, मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में परिवहन निगम के कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष दीप चंद्र शाह द्वारा किया गया ।
टनकपुर में उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ का क्षेत्रीय चुनाव संपन्न, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन















Leave a Reply