“मानसून का बड़ा असर! ऋषिकेश में गंगा की रौद्र धारा के चलते 1 जुलाई से रिवर राफ्टिंग बंद, अब सितंबर तक करना होगा इंतजार

ऋषिकेश । मानसून के आगमन और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ऋषिकेश में 1 जुलाई से रिवर राफ्टिंग संचालन पर आधिकारिक रूप से रोक लगा दी गई है । सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों ने यह निर्णय लिया है। अब मौसम सामान्य होने और नदी का जलस्तर नियंत्रित होने के बाद सितंबर माह में रिवर राफ्टिंग दोबारा शुरू की जाएगी । हर वर्ष मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ बहाव भी बेहद तेज हो जाता है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राफ्टिंग गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाता है । प्रशासन ने राफ्टिंग संचालकों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध अवधि में किसी भी प्रकार का संचालन न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी । राफ्टिंग बंद होने से स्थानीय पर्यटन कारोबार, होटल, कैंप संचालकों और एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े लोगों पर अस्थायी असर पड़ने की संभावना है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सितंबर में मानसून समाप्त होने और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद रिवर राफ्टिंग दोबारा शुरू होगी, जिसके साथ ही पर्यटक एक बार फिर गंगा की लहरों पर रोमांच का अनुभव कर सकेंगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *